10 अगस्त को विधानसभा घेराव की तैयारी, JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच की छात्रों से रांची पहुंचने की अपील की

रांची: JPSC-JSSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं और भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों ने अब आंदोलन को और तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच ने 10 अगस्त को झारखंड विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। मंच की ओर से झारखंड के विभिन्न जिलों के छात्रों और युवाओं से बड़ी संख्या में रांची पहुंचने की अपील की गई है।

मंच ने अपने संदेश में कहा है कि 10 अगस्त को होने वाले विधानसभा घेराव को सफल बनाने के लिए सभी छात्र-युवा एकजुट होकर रांची पहुंचें। मंच ने आंदोलन की जानकारी को सोशल मीडिया, पोस्टर और व्यक्तिगत संदेशों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की है।


JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का आंदोलन पिछले कई दिनों से रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जारी है। छात्रों की प्रमुख मांगों में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और दोषियों पर कार्रवाई समेत अन्य मांगें शामिल हैं।

हाल ही में सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच वार्ता के दो दौर भी हुए, लेकिन आंदोलन को समाप्त करने को लेकर कोई अंतिम सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद छात्रों ने आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है।

रिफॉर्म मंच का कहना है कि 10 अगस्त का विधानसभा घेराव आंदोलन की अगली बड़ी कड़ी होगी। मंच ने छात्रों से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन में शामिल होकर अपनी मांगों को मजबूती से रखने की अपील की है।



















