तुर्किये में निजी जेट क्रैश: लीबिया के आर्मी चीफ मोहम्मद अल-हद्दाद समेत 8 की मौत
अंकारा : तुर्किये की राजधानी अंकारा से ट्रिपोली के लिए उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक निजी जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में लीबिया के आर्मी चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद अली अहमद अल-हद्दाद समेत कुल 8 लोगों की मौत हो गई।
हादसा मंगलवार शाम को हुआ जब फाल्कन 50 प्रकार का यह निजी जेट अंकारा के एसेनबोगा एयरपोर्ट से टेकऑफ करने के लगभग 40 मिनट बाद क्रैश हो गया। तुर्की अधिकारियों के अनुसार, पायलट ने इलेक्ट्रिकल फेलियर की सूचना देते हुए इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी थी, लेकिन इसके बाद विमान से संपर्क टूट गया। मलबा अंकारा के दक्षिण में हायमाना जिले के केसिक्कावाक गांव के पास मिला।
विमान में लीबिया के आर्मी चीफ लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद अली अहमद अल-हद्दाद, ग्राउंड फोर्सेस के चीफ मेजर जनरल अल-फितौरी घ्रेबिल, मिलिट्री मैन्युफैक्चरिंग अथॉरिटी के डायरेक्टर ब्रिगेडियर जनरल महमूद अल-कतावी, चीफ ऑफ स्टाफ के सलाहकार मोहम्मद अल-असावी दीब, मिलिट्री फोटोग्राफर मोहम्मद उमर अहमद महजूब और तीन क्रू मेंबर्स (फ्रेंच नागरिक) मौजूद थे।
जनरल अल-हद्दाद तुर्की के उच्च स्तरीय रक्षा वार्ता के लिए अंकारा आए थे। उन्होंने तुर्की के रक्षा मंत्री यासर गुलेर और चीफ ऑफ जनरल स्टाफ सेल्चुक बायरक्तारोग्लू से मुलाकात की थी। यह दौरा दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से था।
लीबिया के प्रधानमंत्री अब्दुल हमीद दबैबा ने इस घटना को “दुखद दुर्घटना” बताते हुए गहरा शोक व्यक्त किया और इसे राष्ट्र व सैन्य संस्थान के लिए बड़ा नुकसान बताया। लीबिया में तीन दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है।
तुर्की के न्याय मंत्रालय ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक रिपोर्ट्स में तकनीकी खराबी को कारण बताया जा रहा है, जबकि तोड़फोड़ की आशंका को खारिज किया गया है।
यह हादसा ऐसे समय हुआ जब तुर्की की संसद ने लीबिया में तुर्की सैनिकों की तैनाती का कार्यकाल दो साल बढ़ाया था। तुर्की, लीबिया की अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सरकार (ट्रिपोली आधारित) का प्रमुख समर्थक है।

















