गांजा तस्करी मामले में फरार आरोपी के घर चस्पा किया गया इश्तेहार

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के एनडीपीएस कांड में फरार चल रहे आरोपी राजू राय (पिता- रोहित राय), निवासी रथ मोड़, तामड़ा के विरुद्ध न्यायालय के आदेश पर बुधवार को उसके आवास पर इश्तेहार चस्पा किया गया।
पुलिस ने तामड़ा स्थित आरोपी के घर पहुंचकर ग्रामीणों की मौजूदगी में डुगडुगी बजाकर उद्घोषणा की तथा न्यायालय द्वारा निर्गत इश्तेहार का विधिवत तामिला किया। इस दौरान ठेठईटांगर थाना प्रभारी नवीन कुमार एवं सिमडेगा थाना प्रभारी संजीत कुमार सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तामड़ा स्थित राजू राय के घर में छापेमारी की थी। छापेमारी के दौरान घर से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया था। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, जबकि राजू राय मौके से फरार हो गया था।
पुलिस ने बताया कि न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी को निर्धारित समय के भीतर न्यायालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। यदि वह तय अवधि में न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं होता है तो उसके विरुद्ध कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।















