20250913 171231

जेपीएससी अभ्यर्थियों के लिए ‘प्रतिभा सेतु’ का प्रस्ताव: आजसू महासचिव संजय मेहता ने सीएम को लिखा पत्र

रांची : आजसू के महासचिव और हजारीबाग लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी संजय मेहता ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के अभ्यर्थियों के लिए ‘प्रतिभा सेतु’ योजना शुरू करने का सुझाव दिया है। इस पहल का उद्देश्य उन मेधावी अभ्यर्थियों को वैकल्पिक अवसर प्रदान करना है, जो जेपीएससी की कठिन परीक्षाओं में अंतिम मेरिट सूची में स्थान बनाने से चूक जाते हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

संजय मेहता ने अपने पत्र में यूपीएससी की ‘प्रतिभा सेतु’ पहल का उदाहरण देते हुए बताया कि इस डिजिटल मंच के तहत उन अभ्यर्थियों की प्रोफाइल सार्वजनिक की जाती है, जो यूपीएससी की सभी चरणों (प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार) में सफल होने के बावजूद अंतिम चयन से चूक जाते हैं। इस मंच के जरिए केंद्रीय मंत्रालय, सरकारी निकाय और निजी कंपनियां इन प्रतिभाशाली उम्मीदवारों तक पहुंचकर उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान करती हैं।

इसी तर्ज पर, मेहता ने ‘जेपीएससी प्रतिभा सेतु’ की स्थापना का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने सुझाव दिया कि यह मंच उन अभ्यर्थियों को समर्पित हो, जो जेपीएससी सिविल सेवा या अन्य परीक्षाओं के सभी चरणों तक पहुंचते हैं, लेकिन मामूली अंकों के अंतर से अंतिम चयन से वंचित रह जाते हैं। ऐसे अभ्यर्थी कठिन मेहनत और मानसिक दबाव से गुजरते हैं। उनके लिए यह योजना एक वैकल्पिक रास्ता प्रदान कर सकती है।

मेहता ने कहा, “इन प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों को राज्य सरकार के प्रशासनिक या गैर-प्रशासनिक पदों, निजी क्षेत्र की कंपनियों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में नियुक्ति का अवसर देकर उनकी क्षमता का उपयोग झारखंड के विकास कार्यों में किया जा सकता है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि यह पहल न केवल अभ्यर्थियों को नई संभावनाएं देगी, बल्कि राज्य के सरकारी और निजी क्षेत्रों को कुशल मानव संसाधन भी उपलब्ध कराएगी।

संजय मेहता ने मुख्यमंत्री से इस प्रस्ताव पर तत्काल विचार करने और इसे लागू करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया है। यह पहल झारखंड के युवाओं के सपनों को साकार करने और राज्य के विकास में उनकी प्रतिभा का उपयोग करने का एक सुनहरा अवसर हो सकती है।

Share via
Send this to a friend