रघुवर दास ने छात्रों से की मुलाकात, बोले- मांगें नहीं मानी गईं तो एक सप्ताह बाद करेंगे अनशन

रांची: पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास बुधवार को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे और आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात की। उन्होंने छात्रों की समस्याएं सुनीं और उनकी मांगों को लेकर चर्चा की। छात्रों को संबोधित करते हुए रघुवर दास ने कहा कि छात्रों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होना चाहिए। सरकार को छात्रों की जायज मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए उचित कार्रवाई करनी चाहिए।

उन्होंने विधानसभा मार्च के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर हेमंत सरकार पर निशाना साधा। रघुवर दास ने कहा कि छात्र शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से विधानसभा मार्च कर रहे थे, ऐसे में उन पर लाठीचार्ज किया जाना निंदनीय है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड गठन के बाद पहली बार ऐसा विधानसभा मार्च देखने को मिला, जो सफल रहा। रघुवर दास ने कहा कि यदि सरकार एक सप्ताह के भीतर छात्रों की मांगों पर उचित निर्णय नहीं लेती है, तो वह बिरसा मुंडा समाधि स्थल पर अनशन करेंगे।

बाद में उन्होंने कांग्रेस कोटे के मंत्रियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के चार मंत्री प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हैं, लेकिन विधानसभा मार्च के दौरान छात्रों के साथ हुई कार्रवाई की निंदा तक नहीं की। उन्होंने सवाल उठाया कि छात्रों के मुद्दे पर सरकार और उसके सहयोगी दलों की संवेदनशीलता आखिर कहां है।

















