रांची: बारात से ठीक पहले दूल्हे की आत्महत्या मामला, थाना प्रभारी लाइन हाजिर और मुंशी सस्पेंड
रांची: बारात से ठीक पहले दूल्हे की आत्महत्या मामला, थाना प्रभारी लाइन हाजिर और मुंशी सस्पेंड
रांची, 02 दिसंबर शादी के दिन युवक के आत्महत्या मामले में एसएसपी ने थाना प्रभारी लाइन हाजिर और मुंशी को सस्पेंड कर दिया है । दरअसल रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में शनिवार 29 नवंबर को उस समय सनसनी फैल गई थी जब बारात निकलने से महज कुछ घंटे पहले दूल्हा नितेश पांडेय ने अपने कमरे में फांसी लगा कर आत्महत्या कर लिया था। नितेश भारतीय रेलवे में कर्मचारी थे और उनकी शादी उसी दिन तय थी।
इस मामले में परिजनों ने सुखदेवनगर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि 26 नवंबर को तिलक के दिन एक लड़की प्रियंका ने नितेश पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। बिना कोई प्रारंभिक जाँच किए पुलिस ने नितेश को हिरासत में ले लिया और रिहा करने के लिए थाने के मुंशी परशुराम और अन्य पुलिसकर्मियों ने परिजनों से दस लाख रुपये तक की रकम वसूली। परिजनों के अनुसार, मुंशी परशुराम बार-बार एक-दो लाख रुपये मांगता था और सिटी एसपी, कोतवाली डीएसपी सहित वरिष्ठ अधिकारियों को “मैनेज” करने के नाम पर पैसे लेता रहा। रिहा होने के बाद भी आरोप लगाने वाली लड़की नितेश को लगातार परेशान करती रही। मानसिक तनाव और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर नितेश ने आत्महत्या कर ली।
डीजीपी ने लिया तत्काल संज्ञान, दो पुलिसकर्मी निलंबित
मामला मीडिया में आने के बाद झारखंड पुलिस मुख्यालय ने त्वरित कार्रवाई की। डीजीपी तदाशा मिश्रा ने स्वयं संज्ञान लेते हुए रांची के प्रक्षेत्रीय आईजी मनोज कौशिक को पूरी जाँच सौंपी। आईजी के निर्देश पर एसएसपी रांची ने सुखदेवनगर थाना प्रभारी अशोक कुमार और मुंशी परशुराम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। दोनों के खिलाफ विभागीय जाँच शुरू कर दी गई है।
परिजनों की मांग – हत्या का मुकदमा दर्ज हो
मृतक नितेश पांडेय के भाई नीरज पांडेय ने कहा, “पुलिस की अवैध हिरासत, ब्लैकमेलिंग और लगातार मानसिक प्रताड़ना के कारण ही मेरे भाई ने आत्महत्या की। सिर्फ सस्पेंशन काफी नहीं, थाना प्रभारी और मुंशी सहित सभी दोषी पुलिसकर्मियों पर आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक साजिश का मुकदमा दर्ज होना चाहिए।”फिलहाल पुलिस इस मामले में आरोप लगाने वाली लड़की से भी पूछताछ कर रही है। पूरे प्रकरण की गहन जाँच जारी है और आने वाले दिनों में और कार्रवाई होने की संभावना है।


















