रांची पुलिस की बड़ी कामयाबी: कडरू से लापता हुए तीनों बच्चे बिहार से बरामद, सुरक्षा तंत्र पर उठे कई सवाल

रांची: राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र के कडरू से लापता हुए तीन मासूम बच्चे (बिलाल अकरम, मान अंसारी और सूरज महतो) को रांची पुलिस ने बिहार के बरौनी से सकुशल बरामद कर लिया है। बच्चों के मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है, लेकिन इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बीते 28 जून 2026 की रात करीब 11:30 बजे अरगोड़ा थाना को सूचना मिली थी कि कडरू से तीन बच्चे (उम्र 10 से 12 वर्ष) खेलते-खेलते अचानक लापता हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत अरगोड़ा थाना कांड संख्या 157/2026 दर्ज किया और जांच शुरू कर दी।
तकनीकी जांच से मिली सफलता
पुलिस ने पूरे जिले में फैले सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू किया। फुटेज में तीनों बच्चे शाम 5 बजे ही स्वेच्छा से घर से कहीं जाते हुए दिखे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रांची पुलिस ने 8 विशेष टीमों का गठन किया। तकनीकी निगरानी और लोकेशन ट्रैक करने के बाद पुलिस ने बिहार के बरौनी से मुजफ्फरपुर जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन में सवार इन बच्चों को सकुशल रिकवर कर लिया।
सुरक्षा तंत्र पर उठे सवाल: मासूमों के सफर पर प्रशासन खामोश
इस घटना ने कई बड़े सवाल खड़े किए हैं:
स्टेशन पर चूक: आखिर 10-12 साल के तीन बच्चे बिना किसी वयस्क के रांची रेलवे स्टेशन जैसे अति-व्यस्त स्थान पर कैसे पहुंच गए? वहां तैनात सुरक्षाबलों की नजर उन पर क्यों नहीं पड़ी?
टीटीई और टीसी की लापरवाही: दक्षिण पूर्व रेलवे के ZREUCC सदस्य सतीश सिन्हा ने बताया की रांची से जनसेवा एक्सप्रेस नहीं चलती है ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि रांची से किस ट्रेन से यह बच्चे बिहार पहुंचे.. और बिहार से आखिर कैसे उन्होंने ट्रेन बदला और जन सेवा एक्सप्रेस में अपनी यात्रा शुरू की लंबी दूरी की ट्रेन (जनसेवा एक्सप्रेस) में बिना टिकट यात्रा कर रहे बच्चों की तरफ किसी भी टीटीई या सुरक्षा कर्मी का ध्यान क्यों नहीं गया?
सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन: पुलिस के मुताबिक बच्चो ने बताया की वे सिर्फ ‘घूमने’ के उद्देश्य से निकले थे। ऐसे यदि उनके साथ कोई अनहोनी हो जाती, तो उसका जिम्मेदार कौन होता?
पुलिस की अभिभावकों से अपील
सकुशल बरामदगी के बाद बच्चों ने बताया कि वे अपनी मर्जी से घूमने निकले थे। पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के हवाले कर दिया है। रांची पुलिस ने इस घटना के बाद शहर के सभी अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि बच्चों की गतिविधियों और उनकी आवाजाही पर माता-पिता को हर समय नजर रखनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही को रोका जा सके।
Also Read :
BJP का डिजिटल महा-अभियान: ‘सरल’ ऐप से कैसे ज़मीनी कार्यकर्ता बन रहे हैं ‘हाई-टेक’
मोदी सरकार के 12 साल पर जेएमएम का हमला, बोली- ‘उपलब्धियों नहीं, 24 कथित गबनों का कार्यकाल’
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर कांग्रेस का भाजपा पर हमला, राकेश सिन्हा ने उठाए सवाल
















