चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश पड़ी भारी, आरपीएफ की सतर्कता से बची यात्री की जान
रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ जवानों ने एक बार फिर अपनी बहादुरी और तत्परता का परिचय देते हुए एक बड़ा हादसा टाल दिया। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों की सांसें उस वक्त थम गईं, जब एक व्यक्ति चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान गिरकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया।
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 18403 एक्सप्रेस अपने गंतव्य के लिए रवाना हो रही थी। इसी दौरान एक यात्री ने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की, लेकिन ट्रेन की रफ्तार बढ़ने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच के गैप में गिर पड़ा। कुछ ही सेकंड में वह ट्रेन के साथ घिसटने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के एएसआई विजय कुमार भारती और हेड कांस्टेबल नितेश कुमार ने स्थिति की गंभीरता को तुरंत भांप लिया। बिना समय गंवाए दोनों जवान तेजी से मौके पर पहुंचे और जान जोखिम में डालकर यात्री को सुरक्षित बाहर खींच लिया। उनकी इस फुर्ती और साहस से एक बड़ा हादसा टल गया।
बचाए गए यात्री की पहचान 50 वर्षीय ओम प्रकाश अग्रवाल के रूप में हुई है, जो धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र के निवासी हैं। घटना के बाद उन्हें प्राथमिक जांच के लिए भेजा गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई गई। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि सतर्कता और सही समय पर लिया गया निर्णय किसी की भी जान बचा सकता है।


















