बोकारो रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान 63 वर्षीय यात्री की मौत, ट्रेन-प्लेटफॉर्म के बीच फंसे

बोकारो: बोकारो रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। चेरलपल्ली-पटना स्पेशल ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान 63 वर्षीय यात्री सुरेश कुमार भोलवानी ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गए। हादसे में उनकी मौत हो गई।

घटना सुबह करीब 9:17 बजे की बताई जा रही है। ट्रेन के खुलने के दौरान प्लेटफॉर्म पर तैनात लेडी कॉन्स्टेबल एम. जिना पात्र की नजर यात्री पर पड़ी। उन्होंने यात्री को बचाने के लिए दौड़ लगाई और ट्रेन रुकवाने का प्रयास किया। हालांकि, तब तक सुरेश कुमार का पैर और शरीर का कुछ हिस्सा ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस चुका था। ट्रेन रुकने के बाद यात्रियों और रेलवे कर्मियों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया। मौके पर पहुंचे रेलवे डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के सिंधु भवन, सिविल लाइन के पास काली मंदिर क्षेत्र निवासी सुरेश कुमार भोलवानी के रूप में हुई है। उनके भांजे अनिल कुमार कुलवादवा ने बताया कि सुरेश कुमार परिजनों के साथ पितृपक्ष के दौरान गया में पिंडदान और श्राद्ध कर्म के लिए जा रहे थे। बताया गया कि बोकारो रेलवे स्टेशन पर पानी की बोतल लेने के लिए वे ट्रेन से नीचे उतरे थे। इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी और वापस ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में यह हादसा हो गया।

घटना के बाद जीआरपी प्रभारी अमरेंद्र कोटवार और स्टेशन प्रबंधक एसके नायक मौके पर पहुंचे। जीआरपी ने घटना को आकस्मिक बताते हुए आवश्यक कागजी कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास सुरेश कुमार के परिवार के लिए मातम में बदल गया। पितृपक्ष में गया जा रहे 63 वर्षीय यात्री की बोकारो स्टेशन पर हुई मौत से स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में भी शोक का माहौल रहा।

एशियन गेम्स में अंकिता भकत ने रचा इतिहास, भारत ने पहली बार जीता महिला रिकर्व टीम स्वर्ण
जमशेदपुर: टाटा आर्चरी एकेडमी (टीएए) की तीरंदाज अंकिता भकत ने 2026 एशियन गेम्स में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। अंकिता भकत, कीर्ति…

गांधी-शास्त्री जयंती पर झामुमो ने गांधी मैदान में दी श्रद्धांजलि, आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
सिमडेगा: गांधी-शास्त्री जयंती के अवसर पर सिमडेगा के गांधी मैदान में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया।…
















