रिटायर्ड IAS अधिकारी की घर में गला रेतकर हत्या, वारदात के बाद नया नौकर फरार

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की घर के अंदर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात रातीबड़ थाना क्षेत्र के सूरजनगर स्थित उनके आवास में बुधवार सुबह सामने आई। हत्या के बाद आरोपी ने रसोई में रखे एलपीजी सिलेंडर से गैस रिसाव कराकर आग या धमाका करने की कोशिश की, ताकि घटना को हादसे का रूप दिया जा सके। हालांकि उसकी कोशिश सफल नहीं हुई और वह मौके से फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, राकेश अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ सूरजनगर स्थित मकान में रहते थे। प्रारंभिक जांच में पुलिस का शक घर में करीब दो दिन पहले ही काम पर रखे गए एक नए घरेलू सहायक पर है। हत्या के बाद से वह लापता है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही रातीबड़ थाना पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट समेत अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद आरोपी ने रसोई में एलपीजी सिलेंडर से गैस रिसाव कर आग या धमाका कराने का प्रयास किया था। हालांकि किसी वजह से यह योजना कामयाब नहीं हुई।

पुलिस ने घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए संदिग्ध के घर से निकलने और उसके संभावित भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। इसके अलावा आसपास के लोगों और इलाके में काम करने वाले अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल पुलिस हत्या की वजह, वारदात में संदिग्ध नौकर की भूमिका और घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि संदिग्ध की गिरफ्तारी के बाद हत्याकांड से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब मिल सकेंगे।

एफसीआई के चावल लदे ट्रक ने साइकिल सवार को कुचला, मौके पर मौत; गुस्साई भीड़ ने सड़क जाम की
गोविंद पाठक धनबाद: धनसार थाना क्षेत्र के मनईटांड़ भगत जी मंदिर के समीप बुधवार रात सड़क हादसे में 70 वर्षीय साइकिल सवार…

बड़गाईं जमीन मामले में आज अहम दिन, हेमंत सोरेन की याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई; PMLA कोर्ट में आरोप गठन पर भी नजर
रांची: बड़गाईं अंचल की 8.86 एकड़ जमीन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से संबंधित कानूनी कार्रवाई…
















