एफसीआई के चावल लदे ट्रक ने साइकिल सवार को कुचला, मौके पर मौत; गुस्साई भीड़ ने सड़क जाम की

गोविंद पाठक
धनबाद: धनसार थाना क्षेत्र के मनईटांड़ भगत जी मंदिर के समीप बुधवार रात सड़क हादसे में 70 वर्षीय साइकिल सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान डहुआटांड़ के कटिहार मार्केट निवासी सुरेश चौरसिया के रूप में हुई है। बताया गया कि रात करीब 9:45 बजे वह साइकिल से घर लौट रहे थे, तभी एफसीआई का चावल लदा ट्रक उन्हें कुचलते हुए निकल गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और कुछ ट्रकों में तोड़फोड़ भी की। सूचना मिलने पर धनसार थाना समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि एफसीआई के ट्रकों की आवाजाही के कारण इस सड़क पर पहले भी हादसे हो चुके हैं। लोगों के अनुसार, यह तीसरी घटना है, जिसमें एफसीआई के ट्रक की चपेट में आने से राहगीर की जान गई है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने मृतक के परिवार को मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरमसिया एफसीआई गोदाम से मनईटांड़ होते हुए जोड़ाफाटक तक सड़क काफी संकरी और भीड़भाड़ वाली है। इसके बावजूद शाम के समय भारी ट्रकों की आवाजाही जारी रहती है। इससे जाम के साथ दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों ने इस मार्ग पर ट्रकों की आवाजाही को नियंत्रित करने की मांग की है।

हादसे के बाद सड़क पर खड़े ट्रक से अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्वों ने सरकारी चावल की बोरियां चोरी कर लीं। बताया गया कि करीब आधे ट्रक का चावल चोरी कर लिया गया। पुलिस ने चावल ले जा रहे कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुबह कई समाजसेवी भी मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने का प्रयास किया। वहीं, दाह संस्कार के लिए कुम्भ नाथ सिंह की ओर से तत्काल 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है।
एंबुलेंस से गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 83 पैकेट बरामद; चार गिरफ्तार
सिमडेगा: सिमडेगा के कोलेबिरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए गांजा तस्करी किए जाने का खुलासा किया है। गुप्त सूचना…

1 October New Rules: अक्टूबर से बदल रहे पैसे से जुड़े 4 बड़े नियम, LPG से UPI तक आपकी जेब पर असर
सुप्रिया पाठक 1 October New Rules: अक्टूबर की शुरुआत के साथ पैसे और रोजमर्रा के लेन-देन से जुड़े कई नियम बदलने जा…
















