15 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार राजस्व उप निरीक्षक सतीश प्रसाद निलंबित

चतरा: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), हजारीबाग की कार्रवाई में 15 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार चतरा अंचल कार्यालय के राजस्व उप निरीक्षक सतीश प्रसाद को जिला प्रशासन ने निलंबित कर दिया है। उनका निलंबन 15 सितंबर 2026 से प्रभावी माना गया है और अगले आदेश तक जारी रहेगा।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, एसीबी हजारीबाग की ट्रैप टीम ने 15 सितंबर को चतरा अंचल कार्यालय के हल्का-VII में पदस्थापित राजस्व उप निरीक्षक सतीश प्रसाद को शिकायतकर्ता तुलसी यादव से 15 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो हजारीबाग थाना कांड संख्या 09/26, दिनांक 14 सितंबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7(ए) के तहत दर्ज की गई है।

गिरफ्तारी की सूचना और एसीबी के प्रतिवेदन के आधार पर जिला प्रशासन ने सतीश प्रसाद के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। आदेश में झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2016 के नियम-9(2)(क) के तहत निलंबन का उल्लेख किया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। प्रशासनिक आदेश के अनुसार, कारावास से मुक्त होने के बाद सतीश प्रसाद को जिला स्थापना शाखा, चतरा में योगदान देना होगा। इसके बाद उनके खिलाफ विभागीय स्तर पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, रिश्वत लेने के आरोप से संबंधित आपराधिक मामले में अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा।

गणेश विसर्जन के दौरान मारपीट मामले में सात गिरफ्तार, तीन विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध
जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा गांव में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में…

पैसों की कमी से नहीं रुकेगी धड़कन, 25 बच्चे निःशुल्क हृदय सर्जरी के लिए कोच्चि रवाना
रांची: गरीब परिवारों के बच्चों के दिल में छेद और गंभीर जन्मजात हृदय रोग का इलाज अब आर्थिक परेशानी के कारण नहीं…
















