जिला अनाबद्ध निधि योजनाओं की समीक्षा, उपायुक्त ने दिए त्वरित क्रियान्वयन के निर्देश

रांची : जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित कॉन्फ्रेंस कक्ष में जिला अनाबद्ध निधि (District Unattached Fund) के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 की स्वीकृत योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित कार्य एजेंसियों को अविलंब संवेदकों के साथ एकरारनामा कर योजनाओं का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने का निर्देश दिया।
बैठक में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन (PM ABHIM) के अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि कुल 09 योजनाओं में से शहरी क्षेत्र की 02 योजनाओं को रद्द कर दिया गया है, जबकि शेष 07 योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश संबंधित एजेंसियों को दिए गए।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (MPLADS) एवं विधायक निधि (MLA Fund) के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों द्वारा अनुशंसित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि समय पर योजनाओं के पूर्ण होने से आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 की नई योजनाओं की अनुशंसा एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया सुगम हो सकेगी। बैठक में जिला खेल पदाधिकारी को DMFT, पर्यटन एवं CSR मद से संचालित योजनाओं को भी शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों से योजनाओं के गुणवत्ता पूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य जनसेवा है और इसे प्रभावी ढंग से पूरा किया जाना चाहिए।
बैठक में उप विकास आयुक्त संजय भगत, निदेशक लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, सिविल सर्जन, जिला योजना पदाधिकारी, जिला परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अभियंता एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

















