बागुनहातु सरना स्कूल में आगजनी: कक्षा-1 का कमरा जलकर राख, किताबें-बेंच सब खाक – पुलिस जांच में जुटी
बागुनहातु सरना स्कूल में आगजनी: कक्षा-1 का कमरा जलकर राख, किताबें-बेंच सब खाक – पुलिस जांच में जुटी

जमशेदपुर, 30 जनवरी – सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु स्थित उत्क्रमित मध्य सरना विद्यालय में देर रात अज्ञात अराजक तत्वों ने आग लगा दी। घटना गुरुवार की रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है, जिसमें स्कूल की कक्षा एक पूरी तरह जल गई।
कमरे में रखी सभी किताबें, टीचिंग मटेरियल, डेस्क-बेंच और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई।पड़ोसियों ने आग लगने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर किसी तरह आग पर काबू पा लिया।
हालांकि तब तक नुकसान हो चुका था। स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि रात 1 बजे पड़ोसी कंचन दत्ता का फोन आया था, लेकिन वे सोने के कारण नहीं उठा सके। सुबह 6 बजे जब उन्होंने कॉल बैक किया, तो पता चला कि स्कूल में आग लगी थी और पुलिस कमरे की चाबी मांग रही थी।
ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर देखा कि कक्षा एक का कमरा पूरी तरह नष्ट हो चुका है। उन्होंने कहा, “कक्षा में रखी सारी किताबें, पढ़ाई का सामान और फर्नीचर सब जलकर खाक हो गया। बच्चों की पढ़ाई पर गहरा असर पड़ेगा।”यह स्कूल पहले भी कई बार चोरी और तोड़फोड़ की घटनाओं का शिकार रहा है।
पिछले साल लाइब्रेरी में किताबें जलाने और पंखे-खिड़कियां चुराने जैसी वारदातें हो चुकी हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है और जांच शुरू कर दी है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन आगजनी के पीछे व्यक्तिगत दुश्मनी या असामाजिक तत्वों की साजिश की आशंका जताई जा रही है।


















