लातेहार के सुग्गा बांध फॉल में सेल्फी बनी जानलेवा, गहरे पानी में डूबने से गढ़वा के युवक की मौत

लातेहार: सुग्गा फॉल में रविवार को सेल्फी लेने के दौरान हुए हादसे में एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गढ़वा निवासी आयुष तिवारी के रूप में हुई है। हादसे के दौरान एक अन्य युवक भी उसे बचाने के प्रयास में पानी में कूद गया, जिसे वन विभाग की टीम ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, गढ़वा के चार युवक रविवार दोपहर करीब 3 बजे सुग्गा बांध फॉल घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान आयुष तिवारी सेल्फी लेने के लिए एक चट्टान पर जाने लगे। तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे फॉल के गहरे पानी में गिर गए।
आयुष को पानी में गिरता देख उनका एक दोस्त उन्हें बचाने के लिए पानी में कूद गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर तैनात वन विभाग के कर्मी तुरंत सक्रिय हुए और उन्होंने एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, आयुष तिवारी गहरे पानी में फंस गए और उन्हें नहीं बचाया जा सका।
बताया जा रहा है कि आयुष तिवारी अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
















