पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, एक युवक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा: जिले के जलडेगा थाना क्षेत्र के बनजोगा मोड़ के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसे में सुखाझरिया निवासी गोविंद सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मुकेश सिंह और विशाल इंदवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर जलडेगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बाइक की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होना बताया जा रहा है।

















