दुमका : बासुकीनाथ-देवघर मुख्य सड़क पर भीषण हादसा, पिकअप-ऑटो की टक्कर में 3 श्रद्धालुओं की मौत, 9 घायल
दुमका जिले के तालझारी थाना क्षेत्र में बासुकीनाथ-देवघर मुख्य सड़क पर गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। नारगंजो के समीप तेज रफ्तार पिकअप और ऑटो के बीच हुई जोरदार टक्कर में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि नौ यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कर घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
सामने से आ रहे पिकअप से टकराया ऑटो
जानकारी के अनुसार, ऑटो में सवार श्रद्धालु बासुकीनाथ की ओर से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान नारगंजो के पास सामने से आ रहे पिकअप से ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें सवार यात्रियों को गंभीर चोटें आईं।
हादसे में सरैयाहाट थाना क्षेत्र के धौनी गांव निवासी 52 वर्षीय रामाशंकर पंडा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वहीं, भागलपुर जिले के उदयरामपुर निवासी नाटू महलदार को गंभीर हालत में देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। तीसरे मृतक की पहचान पंकज कुमार उर्फ पंकज महलदार के रूप में हुई है।

नौ यात्री घायल, छह को देवघर रेफर
हादसे में घायल नौ यात्रियों को प्राथमिक उपचार के लिए जरमुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद छह घायलों को बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, तीन घायलों का इलाज दुमका में कराया जा रहा है।
घायलों में प्रमिला देवी और कुसुम देवी समेत अन्य यात्री शामिल हैं। घायलों के सिर, जबड़े, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

ग्रामीणों ने शुरू किया राहत-बचाव कार्य
दुर्घटना के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की। ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की सूचना देने के साथ घायलों को अस्पताल पहुंचाने में भी सहयोग किया।

पुलिस ने दोनों वाहनों को किया जब्त
घटना की सूचना मिलते ही जरमुंडी एसडीपीओ नवल किशोर सिंह और तालझारी थाना प्रभारी संगम पाठक के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और पिकअप को जब्त कर लिया है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी है। साथ ही घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है।

















