शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ की गोली मारकर हत्या, 10 राउंड फायरिंग से दहला मध्यमग्राम

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम स्थित दोहरिया इलाके में देर रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग ने पूरे राज्य की राजनीति में भूचाल ला दिया। नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के करीबी और उनके निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, चंद्रनाथ देर रात स्कॉर्पियो से गुजर रहे थे। कार ड्राइवर चला रहा था जबकि चंद्रनाथ आगे की सीट पर बैठे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध कार काफी देर से उनकी गाड़ी का पीछा कर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जांच के अनुसार, पीछा कर रही कार अचानक आगे आई और उसकी रफ्तार धीमी हो गई, जिससे चंद्रनाथ की गाड़ी को भी स्पीड कम करनी पड़ी।
इसी बीच बाइक सवार बदमाशों ने हमला बोल दिया। बदमाशों ने बेहद करीब से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि कुल 10 राउंड गोलियां चलाई गईं। चंद्रनाथ के सीने में कई गोलियां लगीं। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उनके शरीर से पांच गोलियां निकाली गईं।
घटना के तुरंत बाद घायल अवस्था में चंद्रनाथ को पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हत्या की खबर फैलते ही राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि चंद्रनाथ कई वर्षों से शुभेंदु अधिकारी के साथ जुड़े हुए थे और संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। ऐसे में इस हमले को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों की तलाश में छापेमारी जारी है।

















