सिमडेगा: सेंट्रल अंजुमन फैजुर रजा का चुनाव संपन्न, मो. मोईनुद्दीन अहमद बने नए सदर

शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा: सेंट्रल अंजुमन फैजुर रजा के नए कार्यकारिणी के गठन के लिए मंगलवार को बैलेट पेपर के माध्यम से शांतिपूर्ण मतदान कराया गया। चुनाव संपन्न होने के बाद घोषित परिणामों में मो. मोईनुद्दीन अहमद ने सदर पद पर जीत दर्ज करते हुए मो. कलाम अहमद को 96 मतों से पराजित किया।
चुनाव अधिकारी मो. अख्तर खान ने बताया कि खजांची पद के लिए हुए मुकाबले में मो. शादाब सुहैल ने मो. रब्बानी को 73 मतों से हराकर जीत हासिल की। वहीं मो. अहमद रजा सचिव, अफजल खान नायब सचिव तथा मो. खलील नायब सदर पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
मंगलवार शाम चुनाव अधिकारी की मौजूदगी में सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा गया। चुनाव अधिकारी ने बताया कि नव-निर्वाचित टीम का कार्यकाल तीन वर्षों का होगा।
उन्होंने जानकारी दी कि 10 जुलाई की शाम 7 बजे इस्लामपुर स्थित जमजम कॉम्प्लेक्स में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में जिले के वरीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रहेगी। उन्होंने सभी लोगों से समारोह में शामिल होकर इसे भव्य बनाने की अपील की।
मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कार्यपालक दंडाधिकारी अमीर हमजा, थाना प्रभारी संजीत कुमार एवं पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहे। चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुआ।

















