स्वर्ण व्यवसायी से 40 लाख के आभूषण की लूट, पिस्टल दिखाकर वारदात को दिया अंजाम

गुमला: जिले के पालकोट प्रखंड मुख्यालय में मंगलवार शाम अपराधियों ने दुस्साहसिक लूट की घटना को अंजाम दिया। बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को रोककर पिस्टल के बल पर करीब 40 लाख रुपये मूल्य के आभूषण लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, पालकोट स्थित माही ज्वेलर्स के संचालक मनीष सोनी मंगलवार शाम दुकान बंद कर आभूषणों से भरा बैग लेकर मोटरसाइकिल से अपने घर जा रहे थे। घर से कुछ दूरी पहले पालकोट बस्ती के पास पहले से घात लगाए बैठे तीन अपराधियों ने उन्हें रोक लिया।

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले डंडे से हमला कर उन्हें बाइक से गिरा दिया। इसके बाद पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उनके पास मौजूद आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी मोटरसाइकिल से बसिया की दिशा में भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही पालकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर अपराधियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले घाघरा क्षेत्र में भी एक स्वर्ण व्यवसायी के साथ इसी तरह की लूट की घटना हुई थी। उस मामले का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। ताजा घटना के बाद जिले के स्वर्ण व्यवसायियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

















