Adityapur  Crime Jewellers attak

आदित्यपुर में रंगदारी का खौफ: ज्वेलर्स संचालक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला

Share
Link copied

आदित्यपुर के लंका टोला में ज्वेलर्स संचालक प्रेम चंद्र वर्मा पर रंगदारी के लिए जानलेवा हमला। एक आरोपी गिरफ्तार, इलाके में दहशत। पढ़ें पूरी खबर Drishti Now पर।

Adityapur  Crime Jewellers attak

Niraj Tiwari 

आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक ज्वेलर्स व्यवसायी पर हुए जानलेवा हमले ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। रंगदारी की कथित मांग पूरी नहीं करने पर बदमाशों ने ‘प्रेम ज्वेलर्स’ के संचालक प्रेम चंद्र वर्मा को अपना निशाना बनाया। इस वारदात के बाद स्थानीय व्यवसायियों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है।

दुकान जाते समय हुआ हमला

मिली जानकारी के अनुसार, रोड नंबर-7, लंका टोला निवासी प्रेम चंद्र वर्मा रोजाना की तरह बुधवार शाम करीब 5:30 बजे अपनी दुकान खोलने के लिए निकले थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें रोका और रंगदारी की मांग की। व्यवसायी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने धारदार हथियार से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में प्रेम चंद्र वर्मा गंभीर रूप से लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।

एक आरोपी ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा, दूसरा फरार

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए एक हमलावर को मौके पर ही दबोच लिया। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी की जमकर धुनाई करने के बाद उसे आदित्यपुर पुलिस के हवाले कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात में दो युवक शामिल थे, जिनमें से एक आरोपी हमला करने के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

Also Read : राँची के सर्वांगीण विकास के लिए महापौर और उप महापौर ने केंद्र सरकार से मांगा सहयोग, केंद्रीय मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल व्यवसायी को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों के अनुसार, प्रेम चंद्र वर्मा की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच कर रही है। आदित्यपुर थाना प्रभारी ने बताया कि यह पता लगाया जा रहा है कि हमला रंगदारी के लिए ही किया गया था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश है।

व्यवसायियों ने की सुरक्षा की मांग

दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने आदित्यपुर के व्यापारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि अगर बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सख्त नहीं की गई, तो अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम देते रहेंगे। व्यापारियों ने प्रशासन से इलाके में नियमित गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

 

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।