यातायात पुलिस ने दिखाई मानवता, बेसुध पड़े अज्ञात व्यक्ति को पहुंचाया सदर अस्पताल

रांची: राजधानी रांची में यातायात पुलिस ने एक बार फिर मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सड़क किनारे बेसुध पड़े एक अज्ञात व्यक्ति की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
मंगलवार को एलबर्ट एक्का चौक स्थित जलजोगा रेस्टोरेंट के बाहर एक अज्ञात व्यक्ति करीब आधे घंटे तक बेसुध अवस्था में पड़ा रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह संभवतः किसी बीमारी से पीड़ित था और अचानक गिर जाने से उसके माथे पर चोट लग गई थी।
इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों की नजर उस व्यक्ति पर पड़ी। यातायात पुलिसकर्मी सहदेव रजक ने अपने सहयोगियों के साथ तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस को सूचना दी और घायल व्यक्ति को सदर अस्पताल भिजवाया।
मौके पर मौजूद स्थानीय निवासी कार्तिक राम और उनके मित्रों ने भी राहत कार्य में सक्रिय सहयोग किया। सदर अस्पताल पहुंचने पर एंबुलेंस कर्मियों ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर तुरंत घायल व्यक्ति का उपचार शुरू कराया।
राजधानी के व्यस्ततम एलबर्ट एक्का चौक पर यातायात पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की स्थानीय लोगों ने सराहना की। समय रहते मिली सहायता से अज्ञात व्यक्ति को इलाज उपलब्ध हो सका, जिससे यातायात पुलिस की जिम्मेदारी के साथ-साथ मानवीय सोच भी एक बार फिर सामने आई।

















