सिमडेगा : जिला विधिक सेवा प्राधिकार सचिव मरियम हेमरोम ने सदर अस्पताल में लीगल एड क्लिनिक का किया निरीक्षण, मरीजों के भोजन की गुणवत्ता पर जताई नाराजगी
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) की सचिव मरियम हेमरोम ने गुरुवार को सिमडेगा सदर अस्पताल स्थित लीगल एड क्लिनिक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्लिनिक की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं और आम लोगों को प्रदान की जा रही विधिक सहायता की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के क्रम में सचिव मरियम हेमरोम ने क्लिनिक में तैनात पारा लीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) दीपक और पुनीता को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले जरूरतमंद मरीजों एवं उनके परिजनों को विधिक सहायता, मार्गदर्शन और सहयोग प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी व्यक्ति को उसके कानूनी अधिकारों से वंचित नहीं होने दिया जाएगा।
इसके बाद सचिव ने सदर अस्पताल में भर्ती मरीजों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की। जांच में भोजन में अत्यधिक मसालों का उपयोग पाया गया, जो मरीजों के स्वास्थ्य के लिए अनुकूल नहीं था। इस पर उन्होंने अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. आनंद खाखा को फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि मरीजों को नियमानुसार स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि बेहतर उपचार के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन अत्यंत आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान सचिव मरियम हेमरोम ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में जाकर भर्ती मरीजों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। मरीजों ने इलाज, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी अपनी शिकायतें साझा कीं, जिस पर सचिव ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
इस मौके पर असिस्टेंट एलएडीसीएस सुकोमल, अस्पताल प्रबंधक अलका कुल्लू सहित अस्पताल के अन्य कर्मी उपस्थित थे।
अंत में सचिव मरियम हेमरोम ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार का मुख्य उद्देश्य आमजन, विशेषकर कमजोर वर्ग के लोगों को समय पर न्याय और सहायता प्रदान करना है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

















