पंजाब में स्वतंत्रता दिवस से पहले आतंकी साजिश नाकाम, बीकेआई के 5 आतंकी राजस्थान से गिरफ्तार
चंडीगढ़ : पंजाब में 79वें स्वतंत्रता दिवस से पहले आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) की नापाक साजिश को पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) जालंधर ने नाकाम कर दिया है। सीआई जालंधर ने शहीद भगत सिंह (एसबीएस) नगर पुलिस के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान में राजस्थान के टोंक और जयपुर जिलों से बीकेआई के आतंकी मॉड्यूल के पांच आतंकियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन नाबालिग हैं।
पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि यह आतंकी मॉड्यूल पाकिस्तान में बैठे बीकेआई के सरगना हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा के निर्देशों पर विदेशी हैंडलर मन्नू अगवान, गोपी नवांशहरिया और जीशान अख्तर द्वारा संचालित किया जा रहा था। गिरफ्तार आतंकियों की पहचान रितिक नरोलिया, सोनू कुमार उर्फ काली और तीन नाबालिगों के रूप में हुई है। ये आतंकी 7 अगस्त 2025 को एसबीएस नगर में एक शराब की दुकान पर हुए ग्रेनेड हमले में शामिल थे और स्वतंत्रता दिवस पर इसी तरह के हमलों की योजना बना रहे थे।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि हथियारों की बरामदगी के दौरान एक आरोपी, सोनू उर्फ काली, ने पुलिस पर गोली चलाने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें सोनू के पैर में गोली लगी। उसे तुरंत एसबीएस नगर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक 86पी हैंड ग्रेनेड, एक 30 बोर पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और दो खाली खोल बरामद किए हैं।
पंजाब पुलिस ने कहा कि राज्य में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। डीजीपी गौरव यादव ने जोर देकर कहा कि आतंकी नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी।


















