गणतंत्र दिवस से ठीक पहले पंजाब पुलिस की बड़ी सफलता: बब्बर खालसा इंटरनेशनल के आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार, ढाई किलो RDX बरामद
गणतंत्र दिवस समारोह से पहले पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित आतंकी नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। होशियारपुर पुलिस ने काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर के साथ संयुक्त ऑपरेशन में प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के एक सक्रिय आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में चार आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उनके कब्जे से लगभग 2.5 किलोग्राम RDX से बना शक्तिशाली IED (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) और दो अवैध पिस्तौल बरामद की गई हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलजोत सिंह, हरमन सिंह उर्फ हैरी उर्फ हर्री, अजय उर्फ मेहरा और अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श कंदोला के रूप में हुई है। सभी आरोपी नवांशहर जिले के राहों क्षेत्र के निवासी हैं।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि बरामद विस्फोटक का इस्तेमाल।गणतंत्र दिवस के मौके पर पंजाब में बड़े स्तर पर लक्षित आतंकी हमले के लिए किया जाना था। यह साजिश आईएसआई और विदेश स्थित BKI हैंडलर्स के इशारे पर रची गई थी, जिसका मकसद राज्य में अशांति फैलाना और गणतंत्र दिवस समारोह को प्रभावित करना था। पुलिस ने इसे एक बड़ी सफलता करार दिया है, क्योंकि इससे संभावित जान-माल की भारी क्षति को टाला गया है।
यह ऑपरेशन खुफिया सूचनाओं के आधार पर अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामले में UAPA और विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आगे की जांच में विदेशी कनेक्शन और अन्य संलिप्त लोगों का पता लगाया जा रहा है।
पंजाब पुलिस ने हाल के महीनों में BKI से जुड़े कई मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है, जो राज्य में शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि राज्य सरकार और सुरक्षा एजेंसियां किसी भी कीमत पर आतंकवाद को पनपने नहीं देंगी।

















