विधानसभा में गूंजा गुलजार गली कचरा डंपिंग यार्ड का मुद्दा, विधायक भूषण बाड़ा ने सरकार से मांगा तुरंत समाधान
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : झारखंड विधानसभा के शून्यकाल में सोमवार को सिमडेगा के विधायक भूषण बाड़ा ने शहर के गुलजार गली स्थित कचरा डंपिंग यार्ड की गंभीर समस्या को जोर-शोर से उठाया। उन्होंने इसे स्वच्छ भारत अभियान की भावना के पूरी तरह विपरीत बताते हुए सरकार से डंपिंग यार्ड को तुरंत शहर से बाहर शिफ्ट करने की मांग की।
विधायक बाड़ा ने सदन को बताया कि सिमडेगा नगर परिषद ने साप्ताहिक बाजार टांड के ठीक बगल में भीड़भाड़ वाले इलाके में यह डंपिंग यार्ड बना दिया है। इसके कारण गुलजार गली, बाजार टांड और आसपास के मोहल्लों में भयंकर दुर्गंध, मच्छरों का प्रकोप और गंभीर प्रदूषण फैल रहा है। स्थानीय लोग लगातार बीमार पड़ रहे हैं और संक्रमण का खतरा बढ़ता जा रहा है।
मरे पशु फेंके जा रहे, कई बार लग चुकी है आग
विधायक ने खुलासा किया कि इस डंपिंग यार्ड में न केवल घरेलू कचरा डाला जा रहा है, बल्कि मरे हुए मवेशियों को भी यहीं दफनाया जा रहा है। कई बार कचरे में आग लगने से धुएं का गुबार पूरे इलाके में फैल जाता है। आग से दो पेड़ भी जलकर राख हो चुके हैं। हाल ही में नगर परिषद द्वारा बाउंड्रीवॉल बनाने का प्रयास किया गया, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश और बढ़ गया। लोग बार-बार शिकायत कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।
नगर परिषद की अनदेखी से जनता त्रस्त
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वे कई बार नगर परिषद अधिकारियों से निवेदन कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उल्टे अधिकारियों और जनता के बीच तू-तू मैं-मैं की स्थिति बन जाती है। आखिरकार लोगों ने विधायक भूषण बाड़ा से गुहार लगाई। विधायक ने जनता की बात को विधानसभा में उठाकर यह संदेश दिया कि वे आम जनता के साथ खड़े हैं। इससे क्षेत्रवासियों में विधायक के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
स्वच्छ भारत अभियान पर सवाल
भूषण बाड़ा ने कहा, “एक तरफ सरकार स्वच्छ भारत अभियान पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, दूसरी तरफ नगर परिषद ऐसी असंवेदनशील व्यवस्था थोप रही है जो लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ है। यदि समय रहते इस डंपिंग यार्ड को शहर से बाहर नहीं हटाया गया तो सिमडेगा में बड़ा स्वास्थ्य संकट पैदा हो सकता है।”
विधायक ने सरकार से मांग की है कि कचरा डंपिंग यार्ड को तुरंत किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए और वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन प्रणाली लागू की जाए। स्थानीय लोगों ने विधायक भूषण बाड़ा के इस कदम की भूरि-भूरि प्रशंसा की है और उम्मीद जताई है कि सदन में उठाए गए इस मुद्दे पर शीघ्र कार्रवाई होगी।


















