खून से लथपथ घायल युवती को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया, जांच शुरू
दुमका : जिले के गोपीकांदर थाना क्षेत्र के ओड़मो पंचायत अंतर्गत टेसाफुली गांव में बुधवार सुबह एक गंभीर रूप से घायल युवती खून से लथपथ हालत में निर्मल मरांडी के घर के आंगन में पहुंची। युवती की हालत देखकर निर्मल ने तुरंत गांव के लोगों को इकट्ठा किया और ग्राम प्रधान आनंद हांसदा को सूचना दी।
ग्राम प्रधान ने बताया कि घायल युवती गांव की नहीं है और अज्ञात लोगों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की है। युवती की हालत इतनी नाजुक थी कि वह ठीक से कुछ बता नहीं पा रही थी। ग्रामीणों का अनुमान है कि युवती पर उसके पति ने ही चाकू से जानलेवा हमला किया है। युवती ने अपनी पहचान सोनम कुमारी, पति विरेन महतो, निवासी मखनी गांव, सुंदरपहाड़ी, गोड्डा जिला के रूप में बताई।
सूचना मिलते ही गोपीकांदर पुलिस तुरंत टेसाफुली गांव पहुंची और घायल युवती को निर्मल मरांडी के घर से काठीकुंड के नयाडीह सनमत कल्याण अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
गोपीकांदर पुलिस के एएसआई धर्मल मांझी ने बताया कि युवती के होश में आने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा और मामले की गहन छानबीन की जाएगी। पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।


















