आरपीएफ लोहरदगा की ट्रेन एस्कॉर्ट पार्टी ने लापता नाबालिग बालक को सकुशल रेस्क्यू कर चाइल्डलाइन को सौंपा

लोहरदगा : रेलवे सुरक्षा बल (Railway Protection Force) पोस्ट लोहरदगा की ट्रेन एस्कॉर्ट पार्टी ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक लापता नाबालिग बालक को सकुशल रेस्क्यू कर सुरक्षित संरक्षित इकाई को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 18.06.2026 को ट्रेन संख्या 68037 में ड्यूटी के दौरान आरपीएफ टीम को एक 10 वर्षीय बालक संदिग्ध परिस्थितियों में अकेले घूमता हुआ मिला। बालक डरा-सहमा और घबराया हुआ प्रतीत हो रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में वह कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका, जिसके बाद आरपीएफ कर्मियों ने धैर्यपूर्वक काउंसलिंग कर उसकी पहचान सुनिश्चित की।
बालक ने अपना नाम राम चंद्र (10 वर्ष), पिता शंकर लोहरा, निवासी नगजुआ, थाना केरो, जिला लोहरदगा (झारखंड) बताया। उसने बताया कि माता द्वारा डांटे जाने से नाराज होकर एवं स्वयं को उपेक्षित महसूस करने के कारण वह घर से भाग आया था।
आरपीएफ टीम द्वारा बालक की आवश्यक काउंसलिंग एवं सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे सुरक्षित रूप से चाइल्डलाइन, लोहरदगा को सुपुर्द कर दिया गया। इस पूरी कार्रवाई को ऑपरेशन “नन्हे फरिश्ते” के तहत सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।
इस रेस्क्यू अभियान में महिला उपनिरीक्षक प्रियंका कुमारी, स्टाफ कल्पना कुमारी, एस. के. सिंह, सी. एस. यादव एवं प्रीति गौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

















