चोरी करते तीन युवक रंगे हाथ पकड़े गए, पूछताछ में ब्राउन शुगर के अड्डे का खुलासा; 10 ग्राम से अधिक नशीला पदार्थ बरामद

निर्मल सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गुमला: जिले के शांति नगर में शनिवार को चोरी की वारदात के दौरान स्थानीय लोगों ने तीन युवकों को रंगे हाथ पकड़ लिया। लोगों ने तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक घर में छापेमारी की, जहां से 10 ग्राम से अधिक संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद होने का दावा किया गया है।

जानकारी के अनुसार, शांति नगर निवासी अनिरुद्ध शनिवार को घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। इसी दौरान तीन युवक उनके घर में घुस गए। मोहल्ले के लोगों को संदेह होने पर उन्होंने अनिरुद्ध को सूचना दी। घर लौटने पर अनिरुद्ध और स्थानीय लोगों ने तीनों युवकों को घर के अंदर ही पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान टुडूरमा निवासी सौरभ साहू, घाघरा निवासी महेश सिंह और मुरली बगीचा निवासी सुशील कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में तीनों के नशे की हालत में होने की बात सामने आई।

स्थानीय लोगों और पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित रूप से बताया कि शांति नगर में ब्राउन शुगर की बिक्री होती है। इसके बाद बड़ी संख्या में मोहल्ले के लोग एक स्थानीय व्यक्ति के घर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय महिलाओं ने आरोप लगाया कि वहां लंबे समय से नशीले पदार्थों का कारोबार चल रहा है, जिससे क्षेत्र में चोरी और नशाखोरी की घटनाएं बढ़ी हैं।

सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर विनय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में संबंधित घर की तलाशी ली। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान 10 ग्राम से अधिक संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद की गई। बरामद पदार्थ की पुष्टि जांच के बाद होगी। पुलिस ने चोरी के आरोप में पकड़े गए तीनों युवकों को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, बरामद नशीले पदार्थ के मामले में भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय महिलाओं और पुरुषों ने पुलिस को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि इलाके में नशीले पदार्थों की बिक्री के कारण युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है और चोरी की घटनाओं में भी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने पुलिस से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
















