विधानसभा घेराव को लेकर रांची में कड़ी सुरक्षा, अरगोड़ा से विधानसभा तक तीन-स्तरीय बैरिकेडिंग

रांची: जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक के खिलाफ छात्रों द्वारा सोमवार, 10 अगस्त को प्रस्तावित झारखंड विधानसभा घेराव को देखते हुए राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अरगोड़ा चौक से लेकर विधानसभा क्षेत्र तक प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह भारी बैरिकेडिंग की गई है। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग पर कंटीले और रेजर वायर भी लगाए गए हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 2,000 अतिरिक्त सुरक्षा बल और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की है। विधानसभा की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर तीन-स्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। पुलिस बल को किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के साथ तैनात किया गया है।

विधानसभा घेराव से एक दिन पहले सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच करीब पांच घंटे तक लंबी वार्ता हुई। बैठक में कई मुद्दों पर सहमति बनने का दावा किया गया, लेकिन JSSC CGL परीक्षा रद्द करने, सीबीआई जांच और अन्य प्रमुख मांगों पर पूरी सहमति नहीं बन सकी। सरकार की ओर से कुछ परीक्षाओं को रद्द करने और परीक्षा व्यवस्था में सुधार समेत कई आश्वासन दिए गए, लेकिन छात्र प्रतिनिधि अपनी प्रमुख मांगों पर अड़े हुए हैं।


छात्र संगठनों ने वार्ता के बावजूद 10 अगस्त को शांतिपूर्ण विधानसभा घेराव का अपना कार्यक्रम जारी रखने का फैसला किया है। छात्रों का कहना है कि जब तक परीक्षा में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक के मामलों की निष्पक्ष जांच तथा उनकी प्रमुख मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।


इधर, प्रशासन ने प्रदर्शन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। प्रमुख चौक-चौराहों और विधानसभा जाने वाले रास्तों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ बैरिकेडिंग की गई है। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने की अपील की है।





















