सोपोर में संयुक्त नाका चेकिंग के दौरान दो हाइब्रिड आतंकवादी गिरफ्तार, हथियार व गोला-बारूद बरामद
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 22 राष्ट्रीय राइफल्स (22 RR) तथा 179 बटालियन सीआरपीएफ के साथ मिलकर बारामूला जिले के सोपोर क्षेत्र में एक संयुक्त नाका अभियान चलाया। इस दौरान सादिक कॉलोनी, मोमिनाबाद इलाके में दो हाइब्रिड आतंकवादियों को गिरफ्तार करने में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!खुफिया सूचना के आधार पर लगाए गए इस नाके के दौरान फ्रूट मंडी सोपोर से आहत बाबा क्रॉसिंग की ओर आ रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों ने सुरक्षा बलों को देखते ही भागने की कोशिश की। संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को मौके पर दबोच लिया।
गिरफ्तार आतंकवादियों की पहचान शब्बीर अहमद नज़र और शब्बीर अहमद मीर के रूप में की गई है। इनके कब्जे से भारी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद हुआ है। इनके पास से एक पिस्तौल, एक मैगजीन, 20 जिंदा कारतूस और दो हथगोले बरामद किए गए हैं।
बरामद सामग्री से स्पष्ट है कि दोनों हाइब्रिड आतंकवादी इलाके में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक में थे। इस मामले में सोपोर थाने में धारा संबंधित प्रावधानों के तहत FIR नंबर 253/2025 दर्ज कर ली गई है तथा गहन जांच शुरू कर दी गई है।

















