गोवंशीय पशुओं की अवैध तस्करी मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 16 गिरफ्तार

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: गोवंशीय पशुओं की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बानो पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले में अब तक कुल 16 आरोपियों की गिरफ्तारी अथवा आत्मसमर्पण हो चुका है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है।
बानो पुलिस इंस्पेक्टर भिखारी राम ने बताया कि 28 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 6:15 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा से ओड़गा होते हुए जंगल के रास्ते कुछ लोग गोवंशीय पशुओं को अवैध रूप से हांककर बानो की ओर ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर बानो थाना में कांड संख्या 15/26 दर्ज कर कार्रवाई की गई थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर चोरी के गोवंशीय पशुओं को मारपीट करते हुए जंगल के रास्ते तस्करी के उद्देश्य से ले जाने और मांस बिक्री की नीयत से परिवहन करने का आरोप है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 24 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया था।
अनुसंधान के क्रम में 4 जुलाई को पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जेम्स लुगुन उर्फ जेम्स (40 वर्ष), निवासी सोरड, थाना बिसरा, जिला सुंदरगढ़ (ओडिशा) तथा इमदाद अंसारी उर्फ इम्तियाज (30 वर्ष), निवासी सोरडा, थाना बिसरा, जिला सुंदरगढ़ (ओडिशा) के रूप में हुई है। दोनों को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और अनुसंधान जारी है। अवैध गोवंश तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















