जापान में अंडर-18 महिला एशिया कप हॉकी: भारत ने सिंगापुर को 25-0 से हराया, सेमीफाइनल में बनाई जगह

शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : जापान के काकामीगहारा शहर में आयोजित अंडर-18 महिला एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने अंतिम लीग मुकाबले में सिंगापुर को 25-0 से करारी शिकस्त दी। इस धमाकेदार जीत के साथ भारतीय टीम ने अपने पूल में शीर्ष स्थान हासिल कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।
29 मई से 6 जून 2026 तक चल रहे इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारतीय टीम शुरुआत से ही शानदार लय में नजर आ रही है। सिंगापुर के खिलाफ मुकाबले में भारत ने एकतरफा खेल दिखाते हुए गोलों की झड़ी लगा दी और विपक्षी टीम को कोई मौका नहीं दिया।
इस बड़ी जीत में झारखंड की खिलाड़ियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। सिमडेगा की संदीपा कुमारी और पुष्पा मांझी के अलावा रांची की श्रुति कुमारी ने एक-एक गोल दागकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
भारतीय टीम में झारखंड की कुल छह खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें सिमडेगा की पुष्पा मांझी और संदीपा कुमारी के साथ श्रुति कुमारी, खिली कुमारी, नीलम टोपनो और सुगन सांगा शामिल हैं। राज्य की बेटियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से झारखंड में खेल प्रेमियों के बीच खुशी का माहौल है।
मुकाबले के दौरान हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह भी स्टेडियम में मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए टीम को जीत की बधाई दी और आगामी मुकाबलों में भी इसी तरह का प्रदर्शन जारी रखने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम फाइनल तक पहुंचकर खिताब जीतने और जापान की धरती पर तिरंगा लहराने की क्षमता रखती है।
भारतीय टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने पर हॉकी सिमडेगा, हॉकी झारखंड तथा झारखंड सरकार के खेल विभाग के अधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

















