Weather News:-गर्मी की मार खा रहा है झारखण्ड , गोड्डा में पारा 45 डिग्री के पर कुल 18 जिलों में लू का येलो अलर्ट
Weather News
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रेरणा चौरसिया
Drishti Now Ranchi
सूरज आग उगल रहा है। झारखंड तप रहा है। पूरा राज्य लू की चपेट में है। गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मंगलवार को राज्य में गोड्डा सबसे गर्म रहा। यहां का पारा तीन साल में पहली बार 45.1 डिग्री पर पहुंच गया। तीन जिलों में पारा 44 डिग्री के पार हो गया है, जबकि 18 जिलों का तापमान 40 डिग्री से ऊपर चल रहा है। रांची में मंगलवार को अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री रहा। करीब 24 साल पहले 30 अप्रैल 1999 को रांची का पारा सबसे ज्यादा 42.6 डिग्री पर पहुंचा था। मौसम केंद्र ने बुधवार को 18 जिलों में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। उधर, भीषण गर्मी को देखते हुए सरकार ने बुधवार से सभी स्कूलों का समय बदल दिया है।
भारतीय मौसम केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा कि दो दिनों तक भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। 20 अप्रैल से राज्य के कई हिस्सों में बादल छाएंगे। कहीं-कहीं हल्की बारिश भी होगी। इसके बाद तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट आ सकती है। गर्मी का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। वे स्कूलों में बेहाेश होने लगे हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि जब तक जरूरी न हो, सुबह 11 से शाम चार बजे तक घर से निकलने से बचें।

रामगढ़-गढ़वा के स्कूलों में 3 बच्चे बेहोश, आज से स्कूलों का समय बदला
गर्मी का सबसे ज्यादा असर बच्चों पर पड़ रहा है। मंगलवार को रामगढ़ के दुलमी स्थित स्कूल में पहली और दूसरी कक्षा के दो बच्चे बेहोश हो गए। वहीं गढ़वा के भवनाथपुर स्थित स्कूल में भी सातवीं की छात्रा गश खाकर गिर गई। इधर, भीषण गर्मी को देखते हुए सरकार ने बुधवार से सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक सहित सभी निजी स्कूलों का समय बदल दिया है।
शिक्षा सचिव के रवि कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि बुधवार से केजी से पांचवीं तक की कक्षाएं सुबह 7 से 11 बजे तक और छठी से 12वीं की कक्षाएं सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक चलेंगी। यह व्यवस्था 25 अप्रैल तक जारी रहेगी। इस दौरान प्रार्थना सभा, खेलकूद और अन्य गतिविधियों पर रोक रहेगी।
आफत- आज इन शहरों में लू की जारी हुई है चेतावनी
मौसम केंद्र ने बुधवार को राज्य के 24 में से 18 जिलों में लू चलने की चेतावनी दी है। इनमें देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, पलामू, चतरा, गढ़वा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां शामिल है।
राहत- कल से रांची सहित इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार 20 अप्रैल से राज्य के कई हिस्सों में बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इनमें रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा व सरायकेला खरसावां शामिल है। इन जिलों में 23 तक ऐसी स्थिति बनी रहेगी। इस दौरान रांची में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री रहेगा।

















