बाघलतवा जंगल से निकले जंगली हाथियों ने मचाई तबाही, कई किसानों की फसल बर्बाद

गोला (रामगढ़): गोला प्रखंड के कुम्हारदगा एवं सरला कला पंचायत से सटे बाघलतवा जंगल से निकले जंगली हाथियों के झुंड ने बुधवार को आसपास के गांवों में जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने कई किसानों की खड़ी फसलों को रौंद दिया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जानकारी के अनुसार, हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर कृषि क्षेत्रों में पहुंच गया और धान समेत अन्य मौसमी फसलों को नुकसान पहुंचाया। प्रभावित किसानों में कुम्हारदगा के धीरेन महतो और अकल्यू महतो तथा सरला कला के सोहन महतो, ऋषि महतो, सुरेश महतो एवं महिलाल महतो शामिल हैं। किसानों का कहना है कि फसल तैयार होने की स्थिति में थी, लेकिन हाथियों के हमले से उनकी महीनों की मेहनत बर्बाद हो गई।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, हाथियों की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग उन्हें देखने के लिए जंगल की ओर पहुंचने लगे। कई लोग हाथियों के साथ सेल्फी लेने और वीडियो बनाने का प्रयास करते देखे गए, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा देने, हाथियों को सुरक्षित तरीके से आबादी वाले क्षेत्रों से जंगल की ओर वापस भेजने तथा प्रभावित इलाकों में नियमित गश्ती और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
वन विभाग और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जंगली हाथियों के पास न जाएं, उन्हें उकसाने या सेल्फी लेने की कोशिश न करें और अपनी सुरक्षा के लिए सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
















