woman-consumes-poison-three-daughters-jamshedpur

जमशेदपुर में महिला ने तीन बेटियों संग खाया जहर, पुलिस से मदद नहीं मिलने का आरोप

Share
Link copied

थाने से एसपी कार्यालय तक लगाती रही गुहार, नहीं मिली मदद! आखिरकार मां ने तीन बेटियों संग खाया जहर, एक बच्ची की हालत गंभीर

जमशेदपुर: घरेलू प्रताड़ना से परेशान एक महिला ने अपनी तीन बेटियों के साथ कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना में एक बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना उलीडीह ओपी क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-5 स्थित केदार बगान की है। महिला के आरोपों ने पुलिस की कार्यप्रणाली और फरियादियों की सुनवाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़िता पिंकी कुमारी का आरोप है कि वह 22 अक्टूबर से लगातार न्याय की गुहार लगा रही थी। थाने से लेकर सिटी एसपी कार्यालय तक चक्कर लगाने के बावजूद उसे मदद नहीं मिली। घरेलू विवाद और कथित प्रताड़ना से परेशान होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।

जमशेदपुर में महिला ने तीन बेटियों संग खाया जहर, पुलिस से मदद नहीं मिलने का आरोप

22 अक्टूबर से शुरू हुई परेशानी, थाने तक पहुंची शिकायत

पिंकी कुमारी के मुताबिक, 22 अक्टूबर को उसकी देवरानी गुड़िया ने उलीडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद से उसकी परेशानियां बढ़ गईं। महिला का आरोप है कि ससुराल में उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता है और उसके साथ मारपीट भी की जाती है। पिंकी ने बताया कि दो बेटियों के बाद तीसरी बेटी होने पर ससुराल वालों का व्यवहार उसके प्रति बदल गया। सास-ससुर के अलावा पति और देवर-देवरानी पर भी उसने मारपीट और प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।

28 अक्टूबर को थाने पहुंची, फिर एसपी कार्यालय में लगाई गुहार

पीड़िता के अनुसार, 28 अक्टूबर को वह अपनी बच्चियों के साथ उलीडीह थाना पहुंची थी। लेकिन उसका आरोप है कि वहां उसकी शिकायत पर कोई मदद नहीं मिली। इसके बाद वह अपनी तीनों बेटियों को लेकर सिटी एसपी कार्यालय पहुंची। वहां उससे लिखित शिकायत देने को कहा गया। पिंकी का कहना है कि वह लिखना नहीं जानती थी, इसलिए अपनी शिकायत लिखकर नहीं दे सकी। महिला का आरोप है कि लिखित शिकायत नहीं दे पाने के कारण उसे सिटी एसपी से मिलने का अवसर भी नहीं मिला। लगातार परेशानियों और कथित तौर पर कहीं से मदद नहीं मिलने के कारण वह मानसिक रूप से टूट गई थी।

जमशेदपुर में महिला ने तीन बेटियों संग खाया जहर, पुलिस से मदद नहीं मिलने का आरोप

पति ओडिशा में करता है काम, तीन बेटियों के साथ रहती है महिला

पिंकी कुमारी ने बताया कि उसके पति धर्मपाल मेहता ओडिशा के झारसुगुड़ा स्थित एक कंपनी में काम करते हैं। वह अपनी तीन बेटियों के साथ रहती है।महिला के आरोपों के मुताबिक, ससुराल में घरेलू विवाद के साथ-साथ बेटियों के जन्म को लेकर भी उसे प्रताड़ित किया जाता था। 22 अक्टूबर को देवरानी की शिकायत के बाद से उसकी मुश्किलें और बढ़ गई थीं।

जहरीला पदार्थ खाने के बाद एमजीएम अस्पताल में भर्ती

लगातार तनाव और कथित प्रताड़ना से परेशान होकर मंगलवार को पिंकी कुमारी ने अपनी तीनों बेटियों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना के बाद सभी को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

एक बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

इस घटना के बाद घरेलू हिंसा की शिकायत लेकर थाने और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के कार्यालय पहुंचने वाले फरियादियों की सुनवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

इसे भी पढ़ें
कांग्रेस की रैली से गैरहाजिरी पड़ी भारी, झारखंड युवा कांग्रेस के 32 पदाधिकारी निलंबित
इसे भी पढ़ें

कांग्रेस की रैली से गैरहाजिरी पड़ी भारी, झारखंड युवा कांग्रेस के 32 पदाधिकारी निलंबित

दिल्ली की ‘वोट बचाओ-देश बचाओ महारैली’ में शामिल नहीं होने पर कार्रवाई, मध्य प्रदेश, हिमाचल और हरियाणा में भी संगठन ने दिखाई…

आज रांची पहुंचेंगे झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, दो दिवसीय दौरे पर संगठन की करेंगे समीक्षा
इसे भी पढ़ें

आज रांची पहुंचेंगे झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, दो दिवसीय दौरे पर संगठन की करेंगे समीक्षा

रांची: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के स्थायी आमंत्रित सदस्य एवं कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य तथा झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी…

लिखित आश्वासन के बावजूद नहीं हुआ समस्याओं का समाधान, 7 नवंबर से जिला कल्याण कार्यालय में अनिश्चितकालीन तालाबंदी करेंगे छात्र
इसे भी पढ़ें

लिखित आश्वासन के बावजूद नहीं हुआ समस्याओं का समाधान, 7 नवंबर से जिला कल्याण कार्यालय में अनिश्चितकालीन तालाबंदी करेंगे छात्र

दुमका: छात्रवृत्ति भुगतान में देरी और कल्याण छात्रावासों की बदहाल व्यवस्था से नाराज छात्र-छात्राएं अब आंदोलन के मूड में हैं। दुमका छात्र…

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।