20250907 201333

गांव का कार्यकर्ता ही कांग्रेस की असली ताकत: एचएस. लक्की

शंभू कुमार सिंह

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सिमडेगा: कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन अभियान के तहत बांसजोर और ठेठईटांगर में आयोजित बैठकों में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व एआईसीसी पर्यवेक्षक एचएस. लक्की, पूर्व विधायक जय प्रकाश गुप्ता, सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा और लोकसभा के पूर्व प्रभारी डॉ. अजय शाहदेव ने हिस्सा लिया। बैठक में जिला अध्यक्ष डेविड तिर्की, महिला जिला उपाध्यक्ष व जिप सदस्य जोसिमा खाखा, बिपिन पंकज मिंज सहित जिला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारी, प्रखंड के सभी विंग के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद थे।

संगठन सृजन अभियान: कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने का आंदोलन

एचएस. लक्की ने कहा कि संगठन सृजन अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कांग्रेस को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने का आंदोलन है। उन्होंने कहा, “झारखंड की धरती ने हमेशा संघर्ष की आवाज बुलंद की है। हमारे कार्यकर्ताओं ने हर परिस्थिति में निष्ठा और वफादारी के साथ पार्टी का साथ दिया है। हमें गांव-गांव, घर-घर जाकर कांग्रेस की विचारधारा को जनता तक पहुंचाना है और उनकी समस्याओं को हल करने के लिए पार्टी के माध्यम से प्रयास करना है।”

गांव के कार्यकर्ताओं का समर्पण है कांग्रेस की ताकत: डॉ. अजय शाहदेव

डॉ. अजय शाहदेव ने गांवों में बिना स्वार्थ के काम करने वाले कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा, “आपका समर्पण और संघर्ष ही कांग्रेस की असली ताकत है। हमारी मेहनत व्यर्थ नहीं जाएगी। हम मिलकर संगठन को मजबूत करेंगे और जनता का विश्वास हासिल करेंगे।”

सिमडेगा के कार्यकर्ताओं का हौसला हर चुनौती से बड़ा: जय प्रकाश गुप्ता

पूर्व विधायक जय प्रकाश गुप्ता ने कहा, “चुनौतियां बड़ी हैं, लेकिन हमारे कार्यकर्ताओं का हौसला उससे भी बड़ा है। गांव का कार्यकर्ता अपनी ईमानदारी और निष्ठा से पार्टी को जनता से जोड़ता है। हमारा लक्ष्य बूथ से लेकर जिला स्तर तक संगठन को सक्रिय करना है। अनुशासन, एकता और सामूहिक प्रयास से कांग्रेस फिर से अपनी पुरानी ताकत हासिल करेगी।”

कार्यकर्ताओं का त्याग और समर्पण कांग्रेस की पूंजी: भूषण बाड़ा

सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा ने कहा, “संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य केवल संगठन खड़ा करना नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं को सक्रिय और प्रेरित करना है। जिले के गांवों में हमारे कार्यकर्ता दिन-रात बिना स्वार्थ के पार्टी के लिए समर्पित हैं। यही त्याग और समर्पण कांग्रेस की सबसे बड़ी पूंजी है। हम सब मिलकर जनता की समस्याओं का समाधान करेंगे और संगठन को और मजबूत बनाएंगे।”

Share via
Send this to a friend