व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर में गोलीबारी: ट्रंप, जेडी वेंस और कैबिनेट सदस्यों को सीक्रेट सर्विस ने सुरक्षित निकाला
वाशिंगटन डीसी : अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी के हिल्टन होटल में शनिवार रात व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन (WHCA) डिनर के दौरान गोलीबारी की घटना हो गई। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और ट्रंप प्रशासन के कई कैबिनेट सदस्य वहां मौजूद थे।
सीक्रेट सर्विस एजेंट्स ने तुरंत राष्ट्रपति ट्रंप को स्टेज से हटाकर सुरक्षित जगह पर पहुंचाया। घटना के दौरान सैकड़ों मेहमान टेबल के नीचे छिप गए। लाउड बैंक्स (गोली की आवाज जैसी) सुनाई देने के बाद पूरा हॉल अराजकता में बदल गया।
सीएनएन और अन्य अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रंप और सभी संरक्षित अधिकारी सुरक्षित हैं। एडमिनिस्ट्रेशन के एक अधिकारी ने बताया कि कैबिनेट सदस्य भी ठीक हैं। एक सीक्रेट सर्विस एजेंट गोली लगने से घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना वाशिंगटन हिल्टन होटल के मुख्य बैलरूम के पास मैग्नेटोमीटर स्क्रीनिंग एरिया (सुरक्षा जांच वाले इलाके) में हुई। एक शूटर ने कई राउंड फायरिंग की। कुछ रिपोर्ट्स में 5 से 8 गोलियों की बात कही गई है। शूटर को तुरंत सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार कर लिया। वह बैलरूम के अंदर नहीं घुस पाया था।
राष्ट्रपति ट्रंप ने बाद में Truth Social पर पोस्ट कर सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की तारीफ की और कहा कि शूटर को पकड़ लिया गया है। उन्होंने कार्यक्रम जारी रखने की सिफारिश भी की, लेकिन सुरक्षा कारणों से डिनर को रद्द कर दिया गया और इसे बाद में दोबारा आयोजित करने का फैसला लिया गया।
गोलीबारी का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है। जांच जारी है। फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) और मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। कोई अन्य बड़ी चोट या हताहत की पुष्टि नहीं हुई है।


















