रामगढ़ में आफताब अंसारी की मौत की जांच के लिए पहुंचा कांग्रेस का तीन सदस्यीय दल

रामगढ़ में आफताब अंसारी की मौत की जांच के लिए पहुंचा कांग्रेस का तीन सदस्यीय दल

रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिले में आदिवासी महिला से यौन शोषण के आरोपी आफताब अंसारी की संदिग्ध मौत के मामले ने सियासी तूल पकड़ लिया है। इस घटना की गहन जांच के लिए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश द्वारा गठित तीन सदस्यीय जांच दल मंगलवार को रामगढ़ पहुंचा। जांच दल में कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष व रामगढ़ पर्यवेक्षक प्रदीप तुलस्यान, और महासचिव डॉ. राजेश गुप्ता छोटू शामिल थे।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जांच दल ने रामगढ़ विधायक ममता देवी के नेतृत्व में सबसे पहले लारी गांव का दौरा किया, जहां आफताब अंसारी के परिवार से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद दल रामगढ़ सर्किट हाउस पहुंचा और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से चर्चा की। जांच दल ने रामगढ़ थाने का भी दौरा किया, जहां पुलिस अधिकारियों से मामले की प्रगति और तथ्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की। दल ने पीड़िता के घर जाने का भी प्रयास किया, लेकिन वहां मुलाकात नहीं हो सकी।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव डॉ. राजेश गुप्ता छोटू ने बताया कि जांच दल अपनी रिपोर्ट बंद लिफाफे में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश को सौंपेगा। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष द्वारा लिए गए निर्णय को सार्वजनिक किया जाएगा। इस दौरान रामगढ़ विधायक ममता देवी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुन्ना पासवान, शांतनु मिश्रा, रियाज अंसारी सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

नई और ताज़ा खबरों के लिए जुड़े रहें — Drishti Now