20250718 213305

झामुमो का बाबूलाल मरांडी पर पलटवार: बयान भ्रामक और राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित

रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और अन्य नेताओं के हालिया बयानों को पूरी तरह भ्रामक और राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित बताते हुए कड़ा पलटवार किया है। पार्टी के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि भाजपा की आदत बन चुकी है कि वह हर सरकारी पहल और विकास योजना में साजिश और घोटाले का आरोप लगाए, जबकि उनका अपना इतिहास ऐसे कारनामों से भरा हुआ है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सीआईडी पर मरांडी के बयान को बताया आधारहीन

बाबूलाल मरांडी द्वारा सीआईडी को लेकर दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए पांडेय ने कहा, “कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाने से पहले मरांडी को अपने कार्यकाल को याद करना चाहिए, जब नक्सलवाद और संगठित अपराध अपने चरम पर थे। वर्तमान सरकार ने सीआईडी और खुफिया एजेंसियों को पूरी स्वायत्तता दी है, ताकि अपराध, रंगदारी और संगठित नेटवर्क के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हो सके। भाजपा को यह बर्दाश्त नहीं हो रहा कि अब तंत्र उनके इशारों पर नहीं चलता।” उन्होंने कहा कि सीआईडी की सक्रियता से भाजपा की बेचैनी साफ झलक रही है।

कोचिंग टेंडर पर आरोपों को नौटंकी करार

भाजपा द्वारा कोचिंग टेंडर को लेकर लगाए गए आरोपों को झामुमो ने सिरे से खारिज किया। पांडेय ने स्पष्ट किया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और अभी तक कोई अंतिम चयन नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, “जरूरतमंद और होनहार बच्चों के लिए राष्ट्रीय स्तर की संस्था से कोचिंग की व्यवस्था करना कोई अपराध नहीं है। भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उन्हें आदिवासी, अल्पसंख्यक, गरीब, दलित और पिछड़े वर्ग के बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से क्या आपत्ति है?”

आतंकी नेटवर्क के मुद्दे पर भाजपा को घेरा

आतंकी नेटवर्क के झारखंड कनेक्शन के सवाल पर भी झामुमो ने भाजपा पर निशाना साधा। पांडेय ने कहा, “आतंकवाद जैसे गंभीर और संवेदनशील मुद्दे पर भाजपा राजनीतिक रोटियां सेंकने की कोशिश कर रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार राज्य पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय में काम कर रही है। यदि किसी की संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। लेकिन भाजपा को जवाब देना चाहिए कि वे इस मुद्दे का राजनीतिकरण क्यों कर रहे हैं?”

भाजपा को जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाने की सलाह

विनोद पांडेय ने दो टूक कहा कि भाजपा को झूठ, भय और अफवाह फैलाने के बजाय जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि राज्य की जनता सब समझ रही है और भाजपा को उनके भ्रामक बयानों का करारा जवाब मिलता रहेगा।

पांडेय ने अंत में कहा कि झारखंड की जनता विकास और सुशासन चाहती है, और हेमंत सोरेन सरकार इसके लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा की नकारात्मक राजनीति को जनता बार-बार नकार चुकी है और आगे भी नकारेगी।

Share via
Share via