झारखण्ड विधानसभा के अध्यक्ष ने मानसून सत्र की तैयारियों हेतु की उच्च स्तरीय बैठक
रांची : झारखण्ड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने आगामी मानसून सत्र को लेकर आज राज्य के वरीय पदाधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में झारखण्ड विधानसभा अध्यक्ष ने सत्र की तैयारियों पर जोर देते हुए कहा कि सभी विभागीय पदाधिकारी विधायकों के प्रश्नों के उत्तर इस तरह तैयार करें कि वे पूछे गए दृष्टिकोण को संतुष्ट करें और सदन की गरिमा बरकरार रहे। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रश्नों के उत्तर विधानसभा सचिवालय को प्रत्येक दिन अपराह्न 4 बजे तक उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही, जिन विभागों के विधेयक प्रस्तुत होने हैं, वे समय पर सचिवालय को उपलब्ध कराए जाएं ताकि विधानसभा सदस्यों को अध्ययन का पर्याप्त समय मिल सके।
अध्यक्ष ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सत्र के दौरान वरीय पदाधिकारी दीर्घा में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। विशेष रूप से स्वास्थ्य, ऊर्जा और गृह विभाग के अधिकारियों को सत्र के लिए आवश्यक तैयारियों हेतु निर्देश दिए गए।
संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने वरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन विषयों पर सरकार को जवाब देना है, उनकी तैयारी पहले से की जाए। उन्होंने विशेष रूप से 04 अगस्त 2025 को प्रस्तुत होने वाले प्रथम अनुपूरक बजट के लिए वित्त विभाग के अधिकारियों को ड्यूटी रोस्टर के अनुसार सदन में उपस्थित रहने का निर्देश दिया।
बैठक में प्रभारी सचिव, झारखण्ड विधानसभा माणिक लाल हेम्ब्रम, मुख्य सचिव अलका तिवारी, पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता, प्रधान सचिव, गृह विभाग वंदना दादेल, आईजी मुख्यालय सुदर्शन प्रसाद मंडल, सचिव, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग पूजा सिंघल, विशेष सचिव, वित्त विभाग अमित कुमार, राँची नगर आयुक्त सुशांत गौरव, उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


















