कोयल नदी की तेज धार में फंसा बुजुर्ग, ग्रामीणों और पुलिस ने बचाई जान
लोहरदगा: जिले के सदर क्षेत्र अंतर्गत तिगरा कोयल नदी में मछली पकड़ने के दौरान 60 वर्षीय बुजुर्ग इतवा पहान नदी की तेज धार में फंस गए। लगातार बारिश के कारण नदी में अचानक बाढ़ आ गई, जिसके चलते इतवा पहान नदी के बीच एक पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत लोहरदगा थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर रस्सी के सहारे कड़ी मशक्कत के बाद बुजुर्ग को सुरक्षित नदी से बाहर निकाला और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। ग्रामीणों और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इतवा पहान की जान बचाई जा सकी।
इस घटना के बाद जिला उपायुक्त (डीसी) डॉ. ताराचंद ने जिले के निवासियों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदियों में जाने से बचें और अपनी सुरक्षा का ध्यान रखें।

















