झारखण्ड पुलिस के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
रांची : होटवार स्थित अनुसंधान प्रशिक्षण विद्यालय (आई.टी.एस.) में आज राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एन.आई.ए.) द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम का उद्देश्य झारखण्ड पुलिस के अधिकारियों को आतंकवाद से संबंधित मामलों के अनुसंधान और विचारण में विशेषज्ञता प्रदान करना है।
प्रथम सत्र में पुलिस महानिरीक्षक (प्रशिक्षण) श्रीमती ए. विजयालक्ष्मी, अनुसंधान प्रशिक्षण विद्यालय के पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार सिन्हा और एन.आई.ए., राँची के पुलिस अधीक्षक श्री वैभव सक्सेना उपस्थित रहे। इस कार्यशाला में भारतीय पुलिस सेवा के 3 प्रशिक्षु अधिकारी, झारखण्ड पुलिस सेवा के 13 प्रशिक्षु अधिकारी, विभिन्न जिलों में तैनात 31 पुलिस उपाधीक्षक, 4 पुलिस निरीक्षक और 5 पुलिस अवर निरीक्षक भाग ले रहे हैं।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 02 सितंबर 2025 तक चलेगा, जिसके दौरान प्रतिभागियों को आतंकवाद से निपटने के लिए अनुसंधान और कानूनी प्रक्रियाओं में गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा।

















