सिमडेगा में विहंगम योग के संत प्रवर विज्ञानदेव जी महाराज का भव्य सत्संग कार्यक्रम
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा: विहंगम योग संत समाज द्वारा पहली बार सिमडेगा में विहंगम योग के संत प्रवर विज्ञानदेव जी महाराज के आगमन पर एक भव्य सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 07 सितंबर 2025 को नगर भवन, सिमडेगा में सायं 6 बजे से आयोजित होगा।
विहंगम योग संत समाज के प्रवक्ता राजेश कुमार ने बताया कि संत प्रवर विज्ञानदेव जी महाराज की स्वर्वेद संदेश यात्रा, जो आत्म जागरण से राष्ट्र जागरण का संदेश दे रही है, कश्मीर से कन्याकुमारी तक जारी है। इसी क्रम में उनका आगमन सिमडेगा में हो रहा है। इस सत्संग कार्यक्रम में भक्तों को संत प्रवर की दिव्यवाणी सुनने, उनके दर्शन-सान्निध्य प्राप्त करने और उनके हाथों से प्रसाद ग्रहण करने का सौभाग्य प्राप्त होगा।
कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। विभिन्न समितियों का गठन किया गया है, जो आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने में जुटी हैं। सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर मुख्यालय तक के भक्तों को इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
विहंगम योग संत समाज ने सभी से इस आध्यात्मिक आयोजन में भाग लेकर संत प्रवर के सान्निध्य में आत्मिक शांति और प्रेरणा प्राप्त करने की अपील की है।


















