गाजियाबाद में तेज रफ्तार कार ने मॉर्निंग वॉकर्स को कुचला, दो महिलाओं की मौत, दो घायल

गाजियाबाद : सिहानीगेट थाना क्षेत्र के राकेश मार्ग कट पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार और बेकाबू कार ने सुबह करीब 5:30 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाओं को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

हादसे के बाद आरोपी कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि राकेश मार्ग कट पर सुबह के समय मॉर्निंग वॉक के लिए लोग अक्सर आते हैं। इस हादसे ने इलाके में दहशत फैला दी है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घायलों की स्थिति पर नजर रख रही है।


















