गोड्डा पुलिस ने 12 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया, चार के खिलाफ NDPS एक्ट में मामला दर्ज
गोड्डा : गोड्डा मुफ्फसिल थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। इस दौरान दो अभियुक्तों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि चार के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जप्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर 2025 की रात को गुप्त सूचना मिली कि गोड्डा टाउन से पंजवारा (बिहार) की ओर एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल पर दो सवार अवैध गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना की पुष्टि के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर रात्रि गश्ती दल को गोड्डा-भागलपुर मुख्य मार्ग स्थित खटनाई चेकपोस्ट पर वाहन जांच शुरू करने को कहा गया।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों ने पुलिस को देखते ही वाहन घुमाकर गोड्डा की ओर भागने की कोशिश की। पुलिस पार्टी ने पीछा कर गोखा पुल के पास डुमरिया में मोटरसाइकिल को रोका और सशस्त्र बल की मदद से दोनों सवारों को पकड़ लिया। मोटरसाइकिल की सीट के ऊपर पीले रंग के प्लास्टिक बोरे में भूरे रंग के शैलो टेप से पैक अवैध गांजा मिला, जिसका वजन 12 किलोग्राम था। जप्ती सूची बनाकर गांजा, मोटरसाइकिल और एक रेडमी मोबाइल को थाने लाया गया।
इस घटना के संबंध में गोड्डा मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 190/2025 दिनांक 09.11.2025 को धारा 20/27(a)/29 NDPS एक्ट 1985 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने इस कार्रवाई को नशीले पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। मामले की गहन जांच की जा रही है।


















