चतरा में 27 लाख की अवैध अफीम के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, i20 कार जब्त
चतरा : चतरा पुलिस को नशे के अवैध काराेबार पर लगाम लगाने में बड़ी सफलता मिली है। जिले में सक्रिय अफीम तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत पत्थलगड़ा थाना पुलिस ने 5 किलो 472 ग्राम अवैध अफीम के साथ अंतर्राज्यीय गिरोह के दो तस्करों को गिरफ्तार किया। जब्त अफीम की बाजार कीमत करीब 27 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल हुई हुंडई i20 कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गिरफ्तार तस्करों की पहचान विक्रम कुमार (गिद्धौर थाना क्षेत्र के आमीन गांव निवासी) और राजन कुमार (सदर थाना क्षेत्र के उंटा मोड़ निवासी) के रूप में हुई है। विक्रम का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले उत्तर प्रदेश के बरेली में एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल जा चुका है।
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि पत्थलगड़ा थाना क्षेत्र के बंदरचुआं स्थित संतोषी माता मंदिर के रास्ते से एक चार पहिया वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ की खेप का परिवहन हो रहा है।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसपी ने सिमरिया एसडीपीओ शुभम कुमार खंडेलवाल के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की। टीम में पत्थलगड़ा थाना प्रभारी राकेश कुमार, एसआई विजय कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
टीम ने बंदरचुआं स्थित संतोषी माता मंदिर के समीप लेम्बोईया जाने वाले रास्ते में शक के आधार पर विपरीत दिशा से आ रही हुंडई i20 कार (रजिस्ट्रेशन नंबर JH-01FF-5114) को रोका। तलाशी के दौरान कार से 5 किलो 472 ग्राम अवैध अफीम और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। दोनों तस्करों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
एसपी सुमित कुमार अग्रवाल के निर्देश पर जिले की विभिन्न थाना पुलिस नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त तस्करों, माफियाओं और सफेदपोशों पर नकेल कस रही है। यह कार्रवाई अभियान का हिस्सा है, जिसका सार्थक असर दिखने लगा है।


















