20251117 070807

झारखंड स्थापना के 25वें वर्ष पर मोरहाबादी मैदान में भव्य “रजत पर्व उत्सव” का आयोजन

रांची : झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 25वें गौरवशाली वर्षगांठ के अवसर पर रांची के मोरहाबादी मैदान में “रजत पर्व उत्सव” का भव्य आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन एवं उनके परिवार के सदस्यों ने कार्यक्रम में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने राज्य की जनता के साथ इस ऐतिहासिक पल को उत्सव के रूप में मनाते हुए झारखंड की समृद्ध परंपरा और संस्कृति के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त किया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

राज्य की समृद्ध कला-संस्कृति का अनोखा संगम

“रजत पर्व उत्सव” का सांस्कृतिक मंच राज्य की विविध कला और लोक संस्कृति का सुंदर प्रदर्शन बना। कलाकारों ने शास्त्रीय नृत्य-संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें झारखंड की अखरा जगान (झूमर), संथाली, कड़सा, खड़िया, मुंडारी, नागपुरी, घोड़ा, पाईका, सरायकेला छऊ और मानभूम छऊ पारंपरिक विधाएं शामिल रहीं। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और राज्य की सांस्कृतिक विविधता की झलक पेश की।

दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जीवनी पर आधारित नाट्य प्रस्तुति बनी श्रद्धांजलि

स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जीवनी पर आधारित नाट्य प्रस्तुति कार्यक्रम का सबसे भावपूर्ण हिस्सा रही। नाटक ने उनके जीवन संघर्ष, नेतृत्व क्षमता, समाज सुधार और जनसेवा के समर्पण को जीवंत रूप दिया। शिक्षा, सामाजिक जागृति और सशक्तिकरण में उनके योगदान को कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय से उजागर किया, जिसने दर्शकों में श्रद्धा और प्रेरणा जगाई।

ड्रोन शो और संगीत प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम का आकर्षण केंद्र रहा भव्य ड्रोन शो, जिसमें आकाश में झारखंड की ऐतिहासिक यात्रा और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत प्रदर्शित किया गया। संगीत की दुनिया में लोकप्रिय बैंड “टॉम मुर्मू एंड बैंड”, इंडियन आइडल फेम शगुन पाठक और बॉलीवुड की मशहूर गायिका श्रीमती शिल्पा राव ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को उत्साही बना दिया। शिल्पा राव के सुरों में डूबे दर्शक देर रात तक झारखंडी लोकधुनों पर झूमते रहे।

गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति

कार्यक्रम में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, सांसद महुआ माजी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा, कला-संस्कृति, खेल, युवा कार्य एवं पर्यटन सचिव मनोज कुमार, उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन सहित राज्य एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

“रजत पर्व उत्सव” ने झारखंड की अस्मिता, एकता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बनकर राज्यवासियों को अपनी जड़ों से जुड़े रहने का संदेश दिया। पूरे मैदान में उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा।

Share via
Share via