पंजाब कांग्रेस में भूचाल: नवजोत कौर सिद्धू पार्टी से निलंबित, करोड़ों की डील का लगाया था आरोप
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा ने मंगलवार को बड़ा फैसला लेते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री और अमृतसर पूर्वी की पूर्व विधायक नवजोत कौर सिद्धू को प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
यह कार्रवाई नवजोत कौर सिद्धू के 6 दिसंबर के उस विवादास्पद बयान के बाद आई है जिसमें उन्होंने खुलेआम आरोप लगाया था कि पंजाब कांग्रेस में मुख्यमंत्री की कुर्सी और विधानसभा टिकट के बदले करोड़ों रुपये की डील होती है। उनके इस बयान ने पार्टी के अंदर और बाहर हंगामा मचा दिया था।
पंजाब कांग्रेस ने निलंबन पत्र में स्पष्ट कहा है कि नवजोत कौर सिद्धू ने बार-बार पार्टी लाइन के खिलाफ जाकर सार्वजनिक मंचों पर अनुशासनहीन बयानबाजी की, जिससे पार्टी की छवि को गंभीर नुकसान पहुंचा है। पार्टी ने इसे अनुशासनहीनता की पराकाष्ठा करार दिया है।
पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यह घटनाक्रम कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, खासकर इसलिए क्योंकि नवजोत सिंह सिद्धू खेमे और वर्तमान प्रदेश नेतृत्व के बीच लंबे समय से खटास चल रही है।



















