20260107 203120

पाकरटांड में प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला आयोजित, जोसिमा खाखा ने कहा- समाज की भागीदारी से ही पूरा होगा स्वस्थ भारत का सपना

शंभू कुमार सिंह

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सिमडेगा : पाकरटांड प्रखंड मुख्यालय में बुधवार को प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया। मेला का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला परिषद सदस्य सह कांग्रेस महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष जोसिमा खाखा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान जोसिमा खाखा ने स्वयं अपना हिमोग्लोबिन जांच करवाया तथा शिविर में लगे विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

मेले में स्वागत भाषण एमओआईसी डॉ. आकांक्षा ने दिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और लोगों से इनका लाभ उठाने का आग्रह किया।

जोसिमा खाखा ने अपने संबोधन में कहा कि स्वास्थ्य मेला केवल इलाज का माध्यम नहीं, बल्कि जागरूकता फैलाने, रोगों की रोकथाम करने और समय पर उपचार सुनिश्चित करने का सशक्त मंच है। दूर-दराज के क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना इसका प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उत्तम स्वास्थ्य किसी की कृपा नहीं, बल्कि हर नागरिक का मौलिक अधिकार है। विधायक भूषण बाड़ा की प्राथमिकता रही है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचें।

इस क्षेत्र में कुपोषण, एनीमिया और मातृ-शिशु मृत्यु दर जैसी चुनौतियां अभी भी बरकरार हैं। महागठबंधन सरकार ने आदिवासी, गरीब और ग्रामीण समाज के लिए विशेष स्वास्थ्य योजनाएं लागू की हैं। जोसिमा ने कहा, “स्वस्थ मां से ही स्वस्थ समाज बनता है। गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, सुरक्षित प्रसव, टीकाकरण और बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है।”

उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि डॉक्टर, नर्स, एएनएम, एमपीडब्ल्यू, सहिया और आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। कोविड जैसे संकटकाल में इन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर समाज की सेवा की, जिसके लिए हम सभी उनके ऋणी हैं।

युवा पीढ़ी को नशा, तंबाकू और शराब से दूर रहने की सलाह देते हुए जोसिमा ने कहा कि डायबिटीज, ब्लड प्रेशर और कैंसर जैसी बीमारियों से बचाव के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाना आवश्यक है। उन्होंने अंत में जोर दिया कि “सिर्फ सरकार या विभाग से नहीं, समाज की सक्रिय भागीदारी से ही स्वस्थ भारत का सपना पूरा होगा। ग्राम सभा, पंचायत और युवा वर्ग स्वास्थ्य जागरूकता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। सब मिलकर स्वस्थ प्रखंड, स्वस्थ जिला और स्वस्थ झारखंड का निर्माण करें।”

कार्यक्रम में बांसजोर जिप सदस्य समरोम पौल तोपनो, थाना प्रभारी, विधायक प्रतिनिधि अख्तर खान, पंचायत समिति सदस्य प्रतिमा कुजूर, जूली लुगून, आयुष चिकित्सक डॉ. ऋतु राज, नेत्र सहायक पंकज कुमार, बीपीएम पंकज पांडेय, बीएएम रविकांत कुमार सहित कई स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।

Share via
Share via